16 वर्ष से फरार मफरुर को बड़कोट पुलिस ने मध्यप्रदेश से किया गिरफ्तार

नाबालिगा अपहरण व दुष्कर्म मामले में 2010 से फरार चल रहा था अभियुक्त

अभियुक्त की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम को एसपी ने 5000 रुपये से किया सम्मानित

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में वांछित, फरार, वारंटी और मफरुर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बड़कोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नाबालिगा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहे मफरुर अभियुक्त को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मई 2010 में थाना बड़कोट में धारा 363 और 366 भादवि के तहत नाबालिगा के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। घटना के कुछ दिनों बाद पुलिस ने अपह्रत नाबालिगा को बरामद कर लिया था। पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर मामले में धारा 376 भादवि (दुष्कर्म) की बढ़ोतरी की गई थी।

इस प्रकरण में अभियुक्त प्रताप विश्वास वर्ष 2010 से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए समय-समय पर दबिश और तलाश की जा रही थी, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने और लोकेशन बदलता रहा। अभियुक्त के गिरफ्तार न होने पर सितंबर 2010 में पुलिस ने उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय में मफरुरी में चार्जशीट दाखिल की थी, जिसके बाद मार्च 2011 में न्यायालय ने उसे मफरुर घोषित कर दिया था।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र की देखरेख में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पतारसी-सुरागरसी और सर्विलांस की मदद से लगातार प्रयास करते हुए 12 मार्च 2026 को अभियुक्त प्रताप विश्वास को ग्राम चित्रांव, थाना जयसिंह नगर, जिला शहडोल, मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायालय जेएम (प्रथम) जयसिंह नगर, शहडोल के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। इसके बाद शनिवार 14 मार्च 2026 को उसे उत्तरकाशी लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त वर्तमान में मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंह नगर क्षेत्र में ग्राम चित्रांव में एक प्राइवेट क्लिनिक संचालित कर रहा था।

गिरफ्तार अभियुक्त प्रताप विश्वास पुत्र विकास विश्वास निवासी ग्राम उत्तर इनायतपुर, थाना चकदाह, जिला नदिया, पश्चिम बंगाल हाल निवासी ग्राम चित्रांव, थाना जयसिंह नगर, जिला शहडोल, मध्यप्रदेश, उम्र 39 वर्ष है।

अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह रावत, हेड कांस्टेबल अनिल रावत और कांस्टेबल प्रवीण नेगी शामिल रहे। 16 वर्षों से फरार मफरुर अभियुक्त को गिरफ्तार करने में पुलिस टीम के सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने टीम को 5000 रुपये के नगद पारितोषिक से सम्मानित किया है।

  • Related Posts

    सेना के जवानों को मित्र पुलिस ने दी साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी

    डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल/लिंक और साइबर खतरों के प्रति आमजन को किया सतर्क वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को जागरूक…

    जलपान-भोजन की बदइंतजामी पर भड़के शिक्षक, जनगणना प्रशिक्षण में हंगामा, वीडियो वायरल

    राजामहेन्द्रप्रताप पीजी कॉलेज में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब प्रतिभागियों को उपलब्ध कराए गए जलपान व भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिक्षकों का गुस्सा…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *