ऋषिकुल पंजीकरण केंद्र का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, कल से शुरू होगा ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन

आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी और संबंधित ठेकेदारों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सीसीटीवी, पेयजल, कूलर, पंखे और बैठने की समुचित व्यवस्था आज शाम तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि यात्रा कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंजीकरण केंद्रों पर तैनात कार्मिकों को यात्रियों के साथ शालीनता बरतने और अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी दी कि ऋषिकुल मैदान में शुक्रवार से पंजीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा हेतु 7 अस्थाई पुलिस चौकियां और 10 पर्यटन पुलिस बूथ स्थापित किए गए हैं, जबकि आपात स्थिति के लिए एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें मुस्तैद रहेंगी। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल के अनुसार, ऑफलाइन पंजीकरण के लिए 20 मुख्य काउंटर बनाए गए हैं। विशेष परिस्थितियों में बिना मुख्य पहचान पत्र के पंजीकरण हेतु थंब और फेस स्क्रीनिंग के लिए 2 अलग काउंटर भी संचालित होंगे।

इसके अतिरिक्त, आश्रमों और धर्मशालाओं में रुके यात्रियों के लिए 15 मोबाइल टीमें सक्रिय रहेंगी, जो 24 घंटे शिफ्टवार कार्य करेंगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम पी.आर. चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित लोनिवि और स्वास्थ्य विभाग के तमाम उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस मुस्तैदी से उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार श्रद्धालुओं को पंजीकरण की लंबी लाइनों से निजात मिलेगी।

  • Related Posts

    बिजनौर-गढ़वाल धर्मप्रांत के स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर युवाओं ने किया रक्दान

    बिजनौर-गढ़वाल धर्मप्रांत अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहा है। स्वर्ण जयंती वर्ष की उपलक्ष में धर्मप्रांत के युवा विभाग द्वारा उजाला पादरीय केंद्र, निंबूचौड़ में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन…

    अक्कल धारा से उठा जल संरक्षण का संदेश, ‘धारा मेरा-नौला मेरा’ अभियान में उमड़ा जनसैलाब

    स्वच्छता अभियान के साथ लोगों ने लिया जल स्रोतों को बचाने का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का दिया मजबूत संदेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के महत्वाकांक्षी अभियान ‘धारा मेरा, नौला मेरा,…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *