जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को लंबित शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए विशेषकर पुलिस, नगर निगम, यूपीसीएल और राजस्व जैसे 10 से अधिक लंबित शिकायतों वाले विभाग शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर तीन दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में पाया गया कि L1 स्तर पर 429 और L2 स्तर पर 103 शिकायतें अभी भी लंबित हैं, जिस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने सभी अधिकारियों को 15 दिन के भीतर हर हाल में इन शिकायतों को शून्य करने की समयसीमा दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा और एचआरडीए सचिव मनीष कुमार सहित जनपद के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।





