जनता मिलन में डीएम मनीष कुमार का सख्त संदेश: जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

74 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण, वृद्धावस्था पेंशन बहाल करने से लेकर श्रवण यंत्र वितरण तक कई मामलों में तत्काल राहत

आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनपद के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कुल 74 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजा गया।

जनसुनवाई के दौरान पेयजल, बिजली, सड़क, प्रधानमंत्री आवास योजना, घरेलू गैस सिलेंडर, कृषि, उद्यान, सिंचाई और उरेड़ा विभाग से जुड़े मामलों की भरमार रही। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए। कार्यक्रम में भुवन चन्द्र पंचोली ने जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में वृद्धावस्था पेंशन निरस्त होने का मामला उठाया। इस पर डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पात्र लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए और कहा कि तकनीकी कारणों से किसी भी पात्र व्यक्ति को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं किया जाएगा।

विकासखंड पाटी की ग्राम पंचायत कानाकोट निवासी मदन राम और दीवान सिंह को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से मौके पर ही श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए। वहीं लोहाघाट के ग्राम मटियानी निवासी पूजा देवी द्वारा प्रधानमंत्री आवास की मांग पर डीएम ने पात्रता जांच कर नियमानुसार आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी बीडीओ को पात्र लाभार्थियों की सूची पंचायत घरों में चस्पा करने के आदेश दिए। ग्राम पंचायत बिरगुल के चन्दन राम ने बरसात में मकान की छत टपकने की समस्या रखी, जिस पर तत्काल टीनशेड उपलब्ध कराने और आवास योजना के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भगाना भंडारी की प्रधान प्रेमा खर्कवाल द्वारा सोलर लाइट और फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग पर उरेड़ा एवं कृषि विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

हरम के प्रधान सूरज सिंह ने मंच-तामली सड़क मार्ग पर खतरनाक स्थिति में खड़े चीड़ के पेड़ों को हटाने की मांग उठाई, जिस पर डीएफओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं मजदूरों ने ठेकेदार द्वारा मजदूरी भुगतान न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। डीएम ने सहायक श्रम आयुक्त को जांच कर श्रमिकों का भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी संवेदनशीलता, जवाबदेही और गंभीरता के साथ शिकायतों का निस्तारण करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    लोहाघाट के राकेश ने रचा सफलता का नया इतिहास, उप शिक्षा अधिकारी बन बढ़ाया चम्पावत का मान

    साधारण परिवार से निकलकर हासिल की बड़ी सफलता, डीएम मनीष कुमार ने किया सम्मानित; युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर…

    विश्व पर्यावरण दिवस पर चम्पावत में गूंजा हरियाली का संदेश

    स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली, जल स्रोतों के संरक्षण और वृक्षारोपण का लिया संकल्प। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद भर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *