कोटद्वार में चेन स्नैचिंग की वारदात को दिया था अंजाम
पुलिस ने चेन स्नैचिंग की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर समेत एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी बाबरिया गैंग के सदस्य हैं। इस वारदात में लिप्त एक अन्य वांछित महिला आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। आरोपियों के पास से नकदी व वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद हुआ है।
कोतवाल प्रदीप नेगी के अनुसार कोतवाली में एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि गत नौ मई को वह आटो रिक्शा में बैठकर तीलू रौतेली चौक से घमण्डपुर जा रही थी। आटो में उसके नजदीक बैठे अज्ञात व्यक्ति व महिलाएं बातचीत एवं धक्का -मुक्की का बहाना बनाकर उनके गले से सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए हैं।
पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर धारा -303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीकृत किया था। गठित पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने व सर्विलांस द्वारा आरोपियों को चिन्हित किया गया। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा इस वारदात में लिप्त आरोपियों राजेन्द्र(52) उर्फ नरेश निवासी विकासपुरी सेक्टर 29 पानीपत (हरियाणा) व मुस्कान निवासी खेड़ा जिला जींद (हरियाणा) हाल निवासी सेक्टर 29 पानीपत को मंगलवार को पानीपत से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बाबरिया जाति के हैं। विगत नौ मई को वह चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए कार द्वारा सिद्धबली मंदिर जा रहे थे। लेकिन तीलू रौतेली चौक के समीप उनकी नजर आटो में बैठी एक महिला के गले में पड़ी। जिसने सोने की चेन पहनी थी। चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए राजेंद्र उसकी पत्नी बबीता व मुस्कान कार से उतरकर महिला के अगल बगल आटो में बैठ गए थे। इस बीच इन्होने महिला को बातों उलझा कर उसके गले से सोने की चेन को चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के पश्चात वह तीनों आटो से उतरकर फरार हो गए थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी की चेन को उन्होंने पानीपत में अस्सी हजार रुपए में बेचकर पैसा आपस में बांट लिया था।
कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र के पास से तेरह हजार रुपये व मुस्कान के पास से दस हजार पांच सौ रुपये सहित वारदात में प्रयुक्त टोयटा रोमिनियो कार एचआर06/ बीएल -3225 बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र उर्फ नरेश एक शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर है। जिसके विरुद्ध पानीपत के थाना सेक्टर -29 में लूट, चेन स्नैचिंग एवं अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंधित एक दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं। इस वारदात में वांछित आरोपी बबीता (48) पत्नी राजेन्द्र उर्फ नरेश निवासी पानीपत (हरियाणा) सहित अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी बाजार चौकी उप निरीक्षक विनोद चपराना, उप निरीक्षक सैय्यदुल बहार, अपर उप निरीक्षक सीआईयू अहसान अली, मुख्य आरक्षी करण यादव, आरक्षी चन्द्रपाल, आरक्षी सतीश शर्मा, महिला आरक्षी करिश्मा व पीआरडी जवान अरूण कुमार शामिल थे।





