सिलाई मशीन वाली ये लड़कियां

एक सादे कपड़े को काँट-छाँट कर
बड़े सलीके से आकार में ढालती हैं।
इंच आधी इंच का हिसाब कर
अंगूठे उंगली के दबाव से सीधा – टेढ़ा काटती हैं
यहाँ से गले की उरेब कटेगी,
यहाँ पोंचे की पट्टी
चॉक से निशान लगा
तीरे को छांटती हैं।

कहीं बाजू पर फूल उकेरती
कहीं पीठ पर फूंदे बना मंदिर की घंटी-से लटका
छाती के उभार को प्लेट में संभालती हैं।

कभी डीप, कभी वी, कभी गोल में सादा
कभी पान पत्ती वाला दिल पीठ पर सरका
बोट के कट पर गर्दन संभालती हैं।

कभी बाजू पर बनाती हैं गुब्बारा
कभी अंब्रेला में घेरा
कभी खूब कलियों की लहर उतारती हैं
कभी फिट पाजामी के बंद पर बटन
कभी लहंगे की लटकन पर घूंघरू संवारती हैं।

कभी जेब बना पेंट में
समेट लेती हैं बटुए
कभी फैला कर दुपट्टा
बना फुलकारी झालर पर इंद्रधनुष उतारती हैं
सब रंग हैं इनके धागों में दुनिया के
ये सिलाई मशीन वाली लड़कियाँ भी कमाल करती हैं।
     
सुनीता करोथवाल

  • Related Posts

    मायावती अद्वैत आश्रम में ‘अद्वैतामृतम्’ आध्यात्मिक शिविर का शुभारंभ। अद्वैत एवं वैदान्त ही विश्व को बांध सकता है शान्ति व आध्यात्म की डोर में – स्वामी शुद्धिदानन्द

    देशभर से पहुंचे 37 साधक, दस दिनों तक अद्वैत वेदान्त के गूढ़ ज्ञान और साधना से होंगे परिचित।लोहाघाट। हिमालय की शांत व आध्यात्मिक वादियों में स्थित मायावती अद्वैत आश्रम में…

    बार काउंसिल सदस्य बनने पर राव मुनफैत का अधिवक्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

    बार काउंसिल के सदस्य निर्वाचित होने पर अधिवक्ता राव मुनफैत का तहसील परिसर में अधिवक्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *