नशा मुक्त देवभूमि अभियान के अंतर्गत सिडकुल पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। सोमवार को महिंद्रा चौक रोशनाबाद के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे ओमवीर पुत्र वेदपाल, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 52 पैकेट देशी शराब (किन्नू मार्का) बरामद हुए। वर्तमान में रोशनाबाद क्षेत्र में रह रहा यह आरोपित अवैध रूप से शराब की खेप खपाने की फिराक में था।
हेड कांस्टेबल कुलदीप बगासी और कांस्टेबल मनीष की टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपित को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। इस कार्यवाही ने औद्योगिक क्षेत्र में अवैध नशे का कारोबार करने वालों को कड़ा संदेश दिया है।





