80 की उम्र में हरियाली की मिसाल, भागीरथी देवी ने उजड़े जंगल को बना दिया हरा-भरा वन

मानर मल्ला खेतीखान की “वन तपस्विनी” बनीं प्रेरणा, डीएम मनीष कुमार ने किया सम्मानित।

जनपद के दूरस्थ ग्राम मानर मल्ला (खेतीखान) से एक ऐसी प्रेरक कहानी सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि बदलाव के लिए उम्र नहीं, बल्कि जज़्बा मायने रखता है। 80 वर्षीय भागीरथी देवी ने अपने अटूट संकल्प और वर्षों की कठिन साधना से उजड़ चुके मानर के जंगल को फिर से जीवंत कर दिया। कभी अवैध कटान और उपेक्षा के कारण सूना पड़ चुका यह वन क्षेत्र आज फिर से हरियाली से आच्छादित है और इस परिवर्तन के पीछे एक महिला का अथक संघर्ष है। बिना किसी सरकारी सहायता के भागीरथी देवी ने अकेले ही पौधरोपण का बीड़ा उठाया और इसे अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया। वर्षों तक लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने हजारों पौधे रोपे और उनकी देखरेख की।

रोज जंगल जाकर पौधों को पानी देना, उनकी सुरक्षा करना, जानवरों से बचाना—यह सब उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। उनका यह समर्पण किसी तपस्या से कम नहीं है। कड़ी सर्दी, तेज धूप और बरसात हर मौसम में उन्होंने अपने संकल्प को कमजोर नहीं पड़ने दिया। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका जोश युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। आज उसी मेहनत का परिणाम है कि मानर का उजड़ा जंगल फिर से घने वन में बदल चुका है, जहां पेड़-पौधों के साथ पक्षियों और वन्यजीवों की चहल-पहल भी लौट आई है। उनके इस अद्वितीय योगदान को सम्मानित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। डीएम ने कहा कि भागीरथी देवी ने यह साबित किया है कि एक व्यक्ति भी अपने प्रयासों से बड़ा बदलाव ला सकता है।

उनका कार्य न केवल पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि समाज में जागरूकता और जनभागीदारी की मिसाल भी है। उन्होंने बताया कि इन वृक्षों से आने वाले समय में पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा, जल स्रोतों को संजीवनी मिलेगी, भू-क्षरण रुकेगा और क्षेत्र को स्वच्छ वायु प्राप्त होगी। जिलाधिकारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भागीरथी देवी से प्रेरणा लेकर वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाएं और प्रकृति संरक्षण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।

  • Related Posts

    राज्य कैबिनेट का हुआ विस्तार, बड़े नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

    उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार को कैबिनेट का विस्तार करते हुए कई वरिष्ठ और प्रभावशाली विधायकों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी। इस विस्तार के साथ सरकार ने क्षेत्रीय और राजनीतिक…

    कुंभ मेला-2027 के लिए अवस्थापना तंत्र के तेजी से विकास पर जोर : राज्य सरकार ने दी महत्वपूर्ण स्वीकृतियां

    हरिद्वार में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमांड एंड कंट्रोल सेंटर : सीसीआर-2 भवन के लिए रू. 50.27 करोड़ की परियोजना स्वीकृत 8सीसीआर-2 भवन की शीर्ष मंजिल पर बनेगा निर्देश हरिद्वार…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *