उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय परिसर अल्मोड़ा में नव नियुक्त 121 अधिकार मित्रों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा अनामिका सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अधिकार मित्रों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के गठन के उद्देश्य, उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए आमजन की सेवा और सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शेखर चंद्र नैलवाल ने संविधान, लीगल सर्विस अथॉरिटी अधिनियम 1987 और अधिकार मित्रों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल भूपेंद्र कुमार जोशी ने संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल ढांचे की जानकारी दी। रिटेनर अधिवक्ता तुलसी जौहरी ने निशुल्क विधिक सहायता, पात्र लाभार्थियों और राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी साझा की। वहीं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल रोहित बिष्ट ने भारतीय संविधान के तहत मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों पर प्रशिक्षण दिया।





