एआई और विज्ञान नवाचार को नई उड़ान, पांच छात्र-छात्राओं व शिक्षिका को भी मिला सम्मान।
देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित “एआई थीम रूम” के उद्घाटन एवं “एआई ऑन व्हील्स” वाहन फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के दौरान चम्पावत के जिला समन्वयक नवीन चन्द्र पन्त को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने उन्हें शिक्षा सचिव रवि नाथ रामन तथा राज्यपाल के अपर सचिव रीना जोशी की उपस्थिति में सम्मान प्रदान किया। नवीन चन्द्र पन्त को सीमांत पर्वतीय जनपद चम्पावत में विज्ञान गतिविधियों के प्रभावी संचालन, छात्र-छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के लिए प्रेरित करने तथा उन्हें समुचित मंच उपलब्ध कराने के लिए यह सम्मान दिया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद नवीन चन्द्र पन्त ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी छात्रों, शिक्षकों और सहयोगियों की है जो विज्ञान, तकनीक, नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन कल्कि” अभियान के माध्यम से चम्पावत के विद्यार्थियों को एआई के क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में चम्पावत जिले के पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों अंश गहतोड़ी, अंजलि, प्रियंका, तनूजा, सुमित जोशी तथा शिक्षिका प्रेमा ठाकुर को भी “ऑपरेशन कल्कि” के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गई “ऑपरेशन कल्कि” राज्यव्यापी नवाचार पहल बन चुकी है। इस पहल के तहत “एआई थीम रूम” की टीम ने उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों का भ्रमण कर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया और उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा के प्रति जागरूकता विकसित की।
इंटरैक्टिव सत्रों, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान कर तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल ने प्रदेश के युवाओं में अनुसंधान, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और तकनीकी नवाचार की भावना को मजबूत करने का कार्य किया।
ऑपरेशन कल्कि की सबसे बड़ी उपलब्धियों में राज्यभर के विद्यार्थियों द्वारा 108 अभिनव एप्लीकेशनों के निर्माण में सहयोग देना शामिल है। इन एप्लीकेशनों ने पर्यटन, कृषि, हॉर्टिकल्चर, शिक्षा और जनसेवा जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड के युवा नवप्रवर्तकों की प्रतिभा और तकनीकी क्षमता को नई पहचान दी है।





