हरिद्वार पुलिस ने ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए साफ कर दिया है कि सड़कों पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले शराबी चालकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ताजा मामला चंडीघाट चौकी के पास हाईवे का है, जहाँ रविवार को शराब के नशे में धुत एक बलेनो कार चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और देखते ही देखते चार कारें आपस में टकरा गईं।
डायल 112 की सूचना पर तत्काल पहुँची श्यामपुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया और आरोपी चालक ललित राठी निवासी गुरुग्राम, हरियाणा को हिरासत में ले लिया। जिला अस्पताल में हुए मेडिकल परीक्षण में चालक के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पुलिस ने एमवी एक्ट की धारा 185 के तहत आरोपी का चालान कर उसकी कार को मौके पर ही सीज कर दिया।





