संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में 708वीं रैंक को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। ‘फैरुज फातिमा’ नाम से दो युवतियों ने इस रैंक पर अपने चयन का दावा किया है।
एक ओर उत्तराखंड के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने खुद को 708वीं रैंक हासिल करने वाली बताया है, वहीं दूसरी ओर केरल की रहने वाली इसी नाम की एक अन्य युवती ने भी यूपीएससी परीक्षा में अपने चयन का दावा किया है।
दोनों ही जगहों पर युवतियों के चयन की खबर के बाद खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग उनका जोरदार स्वागत कर रहे हैं। घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
हालांकि एक ही रैंक पर दो युवतियों के दावे के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। अभी तक यूपीएससी की आधिकारिक मार्कशीट अपलोड नहीं हुई है, जिसके कारण पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
अब असली ‘फैरुज फातिमा’ कौन है और 708वीं रैंक किसे मिली है, इसकी आधिकारिक पुष्टि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा मार्कशीट जारी होने के बाद ही हो पाएगी। वहीं इस संबंध में कलियर निवासी फातिमा का कहना है कि लिस्ट में दिया गया नाम मेरा ही है बाकी आयोग के द्वारा पंद्रह से बीस दिनों में मार्कशीट अपलोड होगी तब स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। वहीं केरल निवासी फातिमा का कहना है लिस्ट में आया नाम उनका ही है।





